बिहार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर, जनता त्रस्त : डॉ. शत्रुघ्न मंडल
राजद के एकदिवसीय धरना में सरकार पर साधा निशाना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
बिहार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर, जनता त्रस्त : डॉ. शत्रुघ्न मंडल
राजद के एकदिवसीय धरना में सरकार पर साधा निशाना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
जे टी न्यूज, सिकटी (अररिया):
राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को सिकटी प्रखंड मुख्यालय परिसर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल शिक्षा व्यवस्था एवं गिरती कानून व्यवस्था के विरोध में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजद के पूर्व सिकटी विधानसभा प्रत्याशी डॉ. शत्रुघ्न मंडल ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए डॉ. शत्रुघ्न मंडल ने कहा कि बिहार में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है, जिससे आम जनता त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं युवाओं का भविष्य लगातार पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने नीट परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुए प्रश्नपत्र लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।

डॉ. मंडल ने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, पुलों एवं आधारभूत संरचनाओं की विफलता तथा प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में आम नागरिक सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन बिना भ्रष्टाचार के कोई कार्य नहीं हो पा रहा है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, लूट, छिनतई, अपहरण एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है। शराबबंदी के बावजूद अवैध कारोबार जारी रहने का भी आरोप लगाया गया।
कार्यक्रम को विकास यादव सहित कई राजद नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने राज्य सरकार से महंगाई पर नियंत्रण, रोजगार सृजन, भ्रष्टाचार पर अंकुश, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की।
धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में राजद नेताओं ने डॉ. शत्रुघ्न मंडल की अगुवाई में मुख्यमंत्री के नाम विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से राज्य सरकार को सौंपा।
फोटो कैप्शन :
सिकटी प्रखंड मुख्यालय में आयोजित राजद के एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते पूर्व प्रत्याशी डॉ. शत्रुघ्न मंडल एवं उपस्थित कार्यकर्ता।

