मानसी बाजार में फिर चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटते ही दोबारा सज गईं दुकानें
सातवीं बार भी नहीं मिली जाम से राहत, स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था की मांग तेज
मानसी बाजार में फिर चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटते ही दोबारा सज गईं दुकानें
सातवीं बार भी नहीं मिली जाम से राहत, स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था की मांग तेज

जे टी न्यूज, खगड़िया: जिले के नगर पंचायत मानसी में बुधवार को एक बार फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर बुलडोजर चलाया गया है। नगर पंचायत मानसी के द्वारा लोहिया चौक से ब्लॉक चौक, भगवती स्थान, पटेल चौक होते हुए नगर पंचायत कार्यालय तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया है। हालांकि अतिक्रमण मुक्त की कार्रवाई खत्म होते ही मानसी बाजार में सड़क के किनारे फिर से दुकानदारों ने दुकानें सजा लीं है। जिससे प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। मानसी बाजार में रोजाना जाम से आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसका स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल सका है।वही वार्ड पार्षद रवि कुमार ने कहा कि पिछले दो वर्षों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चल रहा है। अब तक सात बार बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है,लेकिन कुछ ही समय बाद फिर से सड़क किनारे दुकानें सज जाती हैं, जिससे पूरी कार्रवाई बेअसर साबित हो रही है।वही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अमर प्रकाश राय ने बताया कि मानसी बाजार में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इसी को देखते हुए लोहिया चौक से लेकर भगवती स्थान, पटेल चौक और नगर पंचायत कार्यालय तक अतिक्रमण हटाया गया है। उन्होंने कहा कि बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी। वही उन्होंने बताया कि बाजार में स्थायी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के लिए वरीय अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है।

ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ होने के बाद जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। साथ ही उन्होंने दुकानदारों और आम लोगों से सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

