डीएम सावन कुमार ने “टी.बी. मुक्त भारत अभियान” को लेकर पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की बैठक जिले के सभी 11 प्रखंडों में प्रतिदिन कुल 7250 टीबी स्क्रीनिंग का किया गया है लक्ष्य निर्धारित

डीएम सावन कुमार ने “टी.बी. मुक्त भारत अभियान” को लेकर पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की बैठक
जिले के सभी 11 प्रखंडों में प्रतिदिन कुल 7250 टीबी स्क्रीनिंग का किया गया है लक्ष्य निर्धारित

जे टी न्यूज़, सुपौल :जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को “टी.बी. मुक्त भारत अभियान” के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में 100 प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग के लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त किया जाए। इसके लिए 4 जुलाई से जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रेफरल अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल एवं सदर अस्पताल में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, निश्चय मित्र योजना तथा फूड बास्केट वितरण सहित सभी निर्धारित संकेतकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। इन सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण जिला स्तर से प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, जीविका के प्रखंड प्रबंधक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी संयुक्त रूप से अभियान की निगरानी करेंगे तथा स्क्रीनिंग कार्य का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे। समुदाय स्तर पर विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां, कृषि सलाहकार तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि जन-जागरूकता एवं अधिकाधिक लोगों को स्क्रीनिंग हेतु प्रेरित करने का कार्य करेंगे। वहीं आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर भ्रमण कर संभावित टीबी रोगियों एवं टीबी रोगियों के संपर्क में आए व्यक्तियों की पहचान करते हुए उन्हें स्क्रीनिंग केन्द्रों तक लाने तथा टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक चलंत चिकित्सा दल प्रतिदिन कम-से-कम 150 लोगों की टी.बी. स्क्रीनिंग करेगा। इस अभियान का उद्देश्य अधिक-से-अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना, टी.बी. रोगियों की शीघ्र पहचान करना तथा जिले को टी.बी. मुक्त बनाने के लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक प्राप्त करना है।जिले के सभी 11 प्रखंडों में प्रतिदिन कुल 7250 टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें, ताकि सुपौल जिला “टी.बी. मुक्त भारत अभियान” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर सके। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त सुपौल, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुपौल, सिविल सर्जन सुपौल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button