बदमाश ने पैदल स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा को सीने में 4 गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत
बदमाश ने पैदल स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा को सीने में 4 गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया विष्णुपुर गांव स्थित मलंग स्थान के पास सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। बाइक सवार एक बदमाश ने पैदल स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा को सीने में 4 गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान कैजिया विष्णुपुर वार्ड-14 निवासी उमेश कुमार ठाकुर की 19 वर्षीय पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है। वह कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय वैनी में पढ़ती थी। सुबह करीब सवा 9 बजे सुमन घर से स्कूल के लिए निकली थी। इसी दौरान चंदौली की तरफ से आया एक युवक बाइक से ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इसके बाद बदमाश ने छात्रा का बाल पकड़कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और चंदौली की ओर फरार हो गया।

पुलिस ने घटनास्थल से 4 खोखे बरामद किए हैं।।।।।।। स्कूल आते-जाते करता था परेशान, दी थी जान से मारने की धमकी।।।।।।।। घटनास्थल पर मौजूद परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान चंदौली गांव के एक युवक के रूप में हुई है। वह पिछले कई दिनों से सुमन को स्कूल आते-जाते परेशान कर रहा था। आरोपी ने छात्रा को जान से मारने की धमकी भी दी थी। मृतक छात्रा सुमन ने आरोपी युवक के द्वारा परेशान किये जाने की जानकारी घरवालों को दी थी, लेकिन लोक-लज्जा के कारण परिवार ने इसे टाल दिया। मृतक छात्रा के पिता उमेश ठाकुर ने बताया कि अगर समय रहते पुलिस को सूचना दे दी होती तो शायद मेरी बेटी आज जिंदा होती। इधर घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतका की मां संगीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुमन 5 बहनों में तीसरे नंबर की थी। दो बहनों की शादी हो चुकी है। घर में दो छोटी बहनें सलोनी, सीमा और छोटा भाई सन्नी है। पिता उमेश चंदौली दाहा चौक पर बाल-दाढ़ी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।।।।।।।।

ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोका, सड़क जाम कर हंगामा भी किया।।।।।।।।।।। छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की जानकारी जैसे ही लोगों को मिली सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। वैनी पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने पहुंची तो ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पूसा-ताजपुर मुख्य सड़क को थाने के सामने बांस-बल्ला लगाकर जाम भी कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया।आक्रोशित भीड़ के दो जत्थे वैनी थाने और आरोपी के चंदौली स्थित घर पर भी पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में बुद्धिजीवियों के समझाने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा।।।।।।।।। घटनास्थल पर पहुँचे एसपी, आरोपी की पहचान और जल्द गिरफ्तारी का किया दावा।।।।।।।घटना की सूचना पर समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एसडीपीओ सदर-1 संजय कुमार पांडेय, ताजपुर अंचल निरीक्षक संदीप कुमार, पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार, वैनी थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी समेत एफएसएल और डीआईयू की टीम ने घटनास्थल, आरोपी युवक के घर और थाने का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के पिता उमेश कुमार ठाकुर के बयान पर वैनी थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के तहत सख्त सजा दिलाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव को देखते हुए वैनी थाने, आरोपी युवक के घर व घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।

