कॉमरेड योगीन्द्र शर्मा एवं कॉमरेड सत्यनारायण सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण
उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर जनआंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान
कॉमरेड योगीन्द्र शर्मा एवं कॉमरेड सत्यनारायण सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण
उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर जनआंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान

जे टी न्यूज, खगड़िया: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), खगड़िया जिला परिषद की ओर से रविवार को बापू नगर स्थित पार्टी कार्यालय योगीन्द्र भवन में पार्टी के पूर्व राज्य सचिव, स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद कॉमरेड योगीन्द्र शर्मा तथा पूर्व राज्य सचिव एवं पूर्व विधायक कॉमरेड सत्यनारायण सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण समारोह आयोजित किया गया। प्रतिमाओं का अनावरण भाकपा की राष्ट्रीय सचिव एवं एटक महासचिव अमरजीत कौर ने किया। समारोह में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और दोनों जनप्रिय नेताओं को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
आज कॉमरेड सत्यनारायण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला पार्टी कार्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने बिहार के कम्युनिस्ट आंदोलन को मजबूत आधार प्रदान किया और भूमि संघर्षों का नेतृत्व करते हुए हजारों गरीब एवं भूमिहीन परिवारों को जमीन पर बसाने का ऐतिहासिक कार्य किया।

समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ भाकपा नेता प्रभाशंकर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला सचिव पुनीत मुखिया ने किया।
अपने संबोधन में अमरजीत कौर ने कहा कि कॉमरेड योगीन्द्र शर्मा और कॉमरेड सत्यनारायण सिंह केवल दो नेता नहीं, बल्कि बिहार के जनसंघर्षों और वाम आंदोलन की जीवंत विरासत हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर किसानों, मजदूरों और मेहनतकश तबकों के अधिकारों की लड़ाई तक कॉमरेड योगीन्द्र शर्मा का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने किसान आंदोलनों और मजदूर संघर्षों को नई दिशा दी, शोषित-वंचित तबकों को संगठित किया तथा संसद के भीतर और बाहर मेहनतकश जनता की आवाज बुलंद की। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और शोषणमुक्त समाज के निर्माण के लिए समर्पित रहा

अमरजीत कौर ने कहा कि कॉमरेड सत्यनारायण सिंह ने बिहार में कम्युनिस्ट आंदोलन को मजबूत आधार देने का काम किया। उन्होंने भूमि संघर्षों का नेतृत्व करते हुए हजारों भूमिहीन एवं गरीब परिवारों को जमीन पर बसाने के आंदोलन का नेतृत्व किया। दो बार चौथम से विधायक और बाद में भाकपा बिहार राज्य परिषद के सचिव के रूप में उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया। उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन गरीबों, किसानों, खेत मजदूरों और वंचित तबकों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि आज जब देश में निजीकरण, बेरोजगारी, महंगाई और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार हमले हो रहे हैं, तब कॉमरेड योगीन्द्र शर्मा और कॉमरेड सत्यनारायण सिंह के संघर्ष और विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दोनों नेताओं के आदर्शों को आत्मसात करते हुए मजदूरों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब तबकों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करें।
समारोह को भाकपा के बिहार राज्य सचिव एवं पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय, पूर्व विधान पार्षद उषा साहनी, पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान, पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर, ओमप्रकाश नारायण, मिथिलेश कुमार झा, जानकी पासवान, सचिवमंडल सदस्य सुरेंद्र सौरव, रामलला सिंह, इरफान अहमद फातमी, रामचंद्र महतो सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

वक्ताओं ने कहा कि कॉमरेड योगीन्द्र शर्मा और कॉमरेड सत्यनारायण सिंह ने अपना पूरा जीवन शोषित, पीड़ित, किसानों, मजदूरों और मेहनतकश जनता के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष, सादगी, वैचारिक प्रतिबद्धता और जनसरोकार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। सभी नेताओं ने दोनों दिवंगत नेताओं के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।

