सावन की अंतिम सोमवारी पर 5 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना, प्रशासन ने तैयार की विशेष रणनीति
सावन की अंतिम सोमवारी पर 5 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना, प्रशासन ने तैयार की विशेष रणनीति

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने शनिवार को मीडिया के साथ बैठक कर प्रशासनिक तैयारियों और यातायात व्यवस्था की जानकारी दी। बैठक में सदर एसडीपीओ संजय कुमार पाण्डेय और ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक चौबे भी मौजूद रहे।एसडीओ ने बताया कि अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर स्थान मंदिर में जलाभिषेक के लिए करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है।रविवार और सोमवार को कर्पूरी बस पड़ाव के बजाय पटेल मैदान से बसों का परिचालन किया जाएगा वहीं, बड़ी गाड़ियों के परिचालन को रात से सुबह तक डायवर्ट किया जाएगा। शहर में बाइक की आवाजाही भी नियंत्रित रहेगी।एसडीओ के अनुसार बाइक सवार हॉस्पिटल गोलंबर, डीआरएम कार्यालय और भोला टॉकीज रेलवे गुमटी तक ही जा सकेंगे।

इसके आगे कांवरिया पथ पर बाइक का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।थानेश्वर स्थान मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था रहेगी। मंदिर परिसर में सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जाएगी और सुरक्षा के लिए 100 से अधिक पुलिस जवान मंदिर के अंदर तैनात रहेंगे। साथ ही सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।एसडीओ राकेश कुमार ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। प्रशासन का लक्ष्य है कि अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं को जलाभिषेक में परेशानी न हो और शहर में यातायात व विधि-व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

