जुनून से जीत के सफर के यादगार पलों के साथ एम. के. कॉलेज में खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन
जुनून से जीत के सफर के यादगार पलों के साथ एम. के. कॉलेज में खेल प्रतियोगिता का हुआ समापन
जे टी न्यूज, दरभंगा:-स्थानीय महारानी कल्याणी महाविद्यालय, लहेरियासराय, दरभंगा में आयोजित विविध खेल प्रतियोगिताओं का समापन समारोह प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। पांच दिनों तक चले इस खेल आयोजन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और टीम भावना सीखने का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी अपने भीतर एक नई ऊर्जा और आत्मविश्वास लेकर लौटता है। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जिस उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस बाबत खेल प्रभारी डॉ. सुरेश चंद्र ने कहा कि महाविद्यालय में खेल प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि खेल के दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर जो उत्साह, आंखों में जीत का सपना और मैदान में जो जुनून दिखाई दिया, वही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। परिणाम चाहे किसी के पक्ष में रहा हो, लेकिन इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी अनुभव और आत्मविश्वास की जीत लेकर गया है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मूविंग चेयर के बालिका वर्ग में गुलनाज परवीन को प्रथम, नीतु कुमारी को द्वितीय, रिया कुमारी को तृतीय व माधवी कुमारी को चतुर्थ जबकि बालक वर्ग में दुर्गानंद पासवान को प्रथम, ऋतुराज कुमार को द्वितीय, सादाब को तृतीय स्थान मिला

वहीं बैडमिंटन में बालिका वर्ग में नीतु कुमारी को प्रथम, गुलनाज प्रवीण को द्वितीय व मनीषा कुमारी को तृतीय स्थान जबकि बालक वर्ग में विकास कुमार ठाकुर को प्रथम, उत्सव कुमार चौधरी को द्वितीय, कृष्ण करण को तृतीय व ब्रजेश साह को चतुर्थ स्थान मिला। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विभिन्न विधाओं के निर्णायक मंडली, महाविद्यालय के बर्सर डॉ. सच्चिदा नंद मिश्र, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. रंजन कु. ठाकुर, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक प्रभात, उप-परीक्षा नियंत्रक डॉ. अभय कुमार सहित सभी शिक्षक व प्रधान सहायक कन्हाई कुमार चौधरी, सहायक शेखर कुमार चौधरी, सुमन कुमार झा, राकेश कुमार ठाकुर, अविनाश कुमार सिंह सहित सभी कर्मी व सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर खेल भावना, उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।



