देर रात सदर अस्पताल पहुंचीं एसडीएम प्रिया रानी
मची हलचल! मरीजों की सुविधाओं से लेकर डॉक्टरों की मौजूदगी तक परखी व्यवस्था
देर रात सदर अस्पताल पहुंचीं एसडीएम प्रिया रानी
मची हलचल! मरीजों की सुविधाओं से लेकर डॉक्टरों की मौजूदगी तक परखी व्यवस्था

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास)देर रात सासाराम की अनुमंडल पदाधिकारी प्रिया रानी ने सदर अस्पताल,सासाराम का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। एसडीएम के अचानक अस्पताल पहुंचते ही अस्पताल प्रशासन में हलचल तेज हो गई। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों,इमरजेंसी सेवा,चिकित्सकीय व्यवस्था,दवा एवं आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सहित मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति,मरीजों को समय पर इलाज मिलने,आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सेवा तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। एसडीएम ने अस्पताल में पेयजल,साफ-सफाई,शौचालय,बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था तथा मरीजों और उनके परिजनों के बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नियमित निगरानी रखने और मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर,सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अस्पताल परिसर में स्वच्छ,व्यवस्थित एवं मरीज हितैषी वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। देर रात हुए इस औचक निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आई।


