खरारी हाईस्कूल में घटिया ईंट से निर्माण पर प्रशासन का डंडा शिकायत और वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया शिक्षा विभाग

घटिया ईंट हटाकर मानक के अनुरूप नए सिरे से निर्माण का आदेश

खरारी हाईस्कूल में घटिया ईंट से निर्माण पर प्रशासन का डंडा
शिकायत और वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया शिक्षा विभाग
घटिया ईंट हटाकर मानक के अनुरूप नए सिरे से निर्माण का आदेश

जे टी न्यूज़, करगहर(रोहतास)एन बाबा : करगहर प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय खरारी में निर्माणाधीन पीसीबी प्रयोगशाला के निर्माण में घटिया गुणवत्ता की ईंट एवं अन्य निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की ग्रामीणों की शिकायत तथा निर्माण कार्य से संबंधित वीडियो सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
शिकायत सामने आने के बाद समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, रोहतास तथा बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम के रोहतास के तकनीकी उप प्रबंधक, असैनिक द्वारा विद्यालय परिसर में पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
जांच में सामने आई घटिया ईंट की गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही ईंटों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री का जायजा लेने के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित एजेंसी को कड़े निर्देश दिए।
जांच के बाद संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्माण में लगाई गई घटिया ईंटों को तत्काल हटाने तथा निर्धारित मानक एवं गुणवत्तापूर्ण ईंटों का इस्तेमाल करते हुए निर्माण कार्य नए सिरे से शुरू करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता का पूरी तरह पालन करना होगा। किसी भी स्तर पर निर्माण की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संबंधित कंपनी पर कार्रवाई के लिए राज्य कार्यालय को भेजी रिपोर्ट
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए राज्य कार्यालय को प्रतिवेदन भेज दिया गया है। इससे निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसी पर कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।
शिक्षा विभाग ने दो टूक कहा—गुणवत्ता से समझौता नहीं
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में कराए जा रहे सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विभाग पूरी तरह सजग है। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि विद्यालयों के निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा। यदि जांच के दौरान कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी अथवा जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों की शिकायत और सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित वीडियो के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से यह संदेश गया है कि सरकारी विद्यालयों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button