नेपाल त्रासदी एवं बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए भाकपा माले का राज्यव्यापी राहत संग्रह अभियान

नेपाल त्रासदी एवं बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए भाकपा माले का राज्यव्यापी राहत संग्रह अभियान

जे टी न्यूज, पटना: नेपाल में आई भीषण त्रासदी और बिहार के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ से उत्पन्न संकट के बीच भाकपा–माले ने पीड़ितों की सहायता के लिए राज्यव्यापी राहत संग्रह अभियान शुरू किया है। यह अभियान 11 से 14 सितंबर तक पूरे बिहार में चलाया जा रहा है।

भाकपा माले की राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक की पार्टी कमिटियां इस अभियान में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न इलाकों में आम नागरिकों से राहत के लिए सहयोग राशि एवं आवश्यक सामग्री का संग्रह कर रहे हैं।

इसके साथ ही पार्टी नेता एवं कार्यकर्त्ता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पार्टी ने कहा कि नेपाल की त्रासदी और बिहार में आई बाढ़ ने बड़ी संख्या में लोगों के सामने गंभीर मानवीय संकट पैदा किया है। ऐसे कठिन समय में राहत और बचाव कार्य को केवल सरकारी तंत्र तक सीमित नहीं रखा जा सकता। समाज के सभी हिस्सों को मिलकर पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना होगा।

भाकपा माले के कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित गांवों और इलाकों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं तथा भोजन, जरूरी सामान और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय स्तर पर राहत कार्यों को संगठित कर रहे हैं।

पार्टी ने बिहार की जनता से अपील की है कि 11 से 14 सितंबर तक चल रहे राज्यव्यापी राहत संग्रह अभियान में उसहयोग करें और आपदा की इस घड़ी में नेपाल एवं बिहार के बाढ़ पीड़ितों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करें।

भाकपा माले ने कहा कि आपदा के समय पीड़ितों के साथ खड़ा होना केवल मानवीय संवेदना का प्रश्न नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। पार्टी अपने स्तर से राहत कार्यों को आगे भी जारी रखेगी और प्रभावित लोगों की आवाज को मजबूती से उठाएगी। बिहार सरकार राहत कार्यों के नाम पर खाना पूर्ति कर रही है। बाढ़ से लोगों की मृत्यु हो रही है लेकिन सरकार चुप्पी साधे हुई है।

Related Articles

Back to top button