नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर कांग्रेस की बैठक, सदस्यों का हुआ सम्मान
संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का लिया संकल्प
नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर कांग्रेस की बैठक, सदस्यों का हुआ सम्मान
संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का लिया संकल्प.

जे टी न्यूज़, जयनगर :
प्रखंड कांग्रेस कमेटी जयनगर के तत्वावधान में रविवार को मारवाड़ी विवाह भवन में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवगठित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष पश्चिम मीना देवी कुशवाहा ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र महतो ने की। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर निर्भर करती है। नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा पार्टी के कार्यक्रमों को पंचायत एवं बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों से जूझ रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इन समस्याओं को लेकर जनता के बीच मजबूती से खड़ा होना होगा। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर नई कार्यकारिणी के सदस्यों को माला एवं अन्य माध्यमों से सम्मानित कर उन्हें संगठन की जिम्मेदारी के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया। सम्मानित सदस्यों ने भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में अनुवेद सिंह, परमेश्वर मेहरा, पंकज कुमार, डॉ. मुकेश महासेठ, नित्यानंद झा, सुजीत यादव, सुनील यादव, अयोधि पासवान, अरुण प्रधान, रविंद्र पोद्दार, धनुषलाल महतो, नंदकिशोर सिंह, मो. आरिफ, राजकमल सिंह, महंत मुकेश कुशवाहा, प्रियंका देवी,सोनल कुमारी,अरुण सिंह, मो. मुर्तुजा, मदन झा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।



