लनामिवि की महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास, लगातार छठी बार अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ की टीम को 47-17 से दी करारी शिकस्त
लनामिवि की महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास, लगातार छठी बार अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ की टीम को 47-17 से दी करारी शिकस्त
जे टी न्यूज, दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का परचम लहराया है। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ में 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए लगातार छठी बार क्वालीफाई किया है।
भारतीय विश्वविद्यालय संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के महत्वपूर्ण मुकाबले में मिथिला विश्वविद्यालय की महिला टीम ने शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, गढ़ उमरिया, छत्तीसगढ़ की टीम को 47-17 के बड़े अंतर से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
पूर्वी क्षेत्र से बिहार की एकमात्र टीम
प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र से कुल चार टीमों को अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करना था। इनमें ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अलावा अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, सी.वी. रमन विश्वविद्यालय और पंडित रविशंकर शुक्ला विश्वविद्यालय शामिल हैं, तीनों छत्तीसगढ़ से हैं।
इस तरह ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय बिहार की एकमात्र टीम के रूप में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय के खेल जगत में खुशी की लहर है।
कुलपति ने दी खिलाड़ियों को बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम मैनेजर डॉ. प्रियंका राय से दूरभाष पर बातचीत की और पूरी टीम, खिलाड़ियों तथा सहयोगी स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की बेटियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से पूरे विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
टीम मैनेजर डॉ. प्रियंका राय ने कहा कि खिलाड़ियों को मिले उच्चस्तरीय एवं तकनीकी प्रशिक्षण का परिणाम मैदान पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि टीम के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है और वे पूरी मानसिक एवं शारीरिक ऊर्जा के साथ मुकाबलों में उतर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी मुकाबलों में भी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।
खेल संस्कृति की मजबूती का प्रमाण : अमृत कुमार झा

इस उपलब्धि पर अमृत कुमार झा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्राओं की मेहनत और लगन अद्वितीय है। यह उपलब्धि केवल एक जीत नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की मजबूत होती खेल संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से विश्वविद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
वहीं, खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में खेलों के विकास के लिए मजबूत व्यवस्था और सुनियोजित कार्ययोजना तैयार की गई है। खिलाड़ियों की लगातार उपलब्धियां उसी व्यवस्था और सुदृढ़ खेल प्रबंधन का परिणाम हैं।
महिला कबड्डी टीम की इस लगातार छठी राष्ट्रीय पात्रता उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। टीम की इस सफलता ने एक बार फिर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

