राघोपुर नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा: राजेश राम

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया गहरा शोक, उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

राघोपुर नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा: राजेश राम

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया गहरा शोक, उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

जे टी न्यूज,
पटना: वैशाली जिले के राघोपुर में नाव दुर्घटना में 13 बच्चों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए मृतक बच्चों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

राजेश राम ने कहा कि मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरा समाज मर्माहत है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए थे, उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी कीमत पर नहीं की जा सकती।

प्रशासनिक जवाबदेही तय करने की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दुर्घटना के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते और संबंधित अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन किया होता, तो इस तरह की दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था।

उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों की जान की कीमत पर प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग

राजेश राम ने राज्य सरकार से दुर्घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नावों के परिचालन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक निगरानी बढ़ाना और यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button