वेतन निर्धारण कराने के लिए कुलपति का आभार
वेतन निर्धारण कराने के लिए कुलपति का आभार
जे टी न्यूज, मधेपुरा :
ठाकुर प्रसाद महाविद्यालय, मधेपुरा के शिक्षक संघ की ओर से अध्यक्ष डॉ. रत्नदीप एवं सचिव डॉ. सुधांशु शेखर ने बीएनएमयू के कुलपति प्रो. बी. एस. झा के प्रति आभार प्रकट किया है। यह आभार विगत दिनों प्रोन्नत हुए शिक्षकों के वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण होने पर व्यक्त किया गया।डॉ. सुधांशु शेखर ने जानकारी दी कि बीपीएससी, पटना की अनुशंसा के आलोक में वर्ष 2016-17 बैच में नियुक्त सौ से अधिक असिस्टेंट प्रोफेसरों को सितंबर 2024 में सीनियर स्केल में प्रोन्नति प्राप्त हुई थी, लेकिन लंबे समय तक वेतन निर्धारण नहीं हो पाने के कारण उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही थी।डॉ. शेखर ने बताया कि शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय आए कुलपति प्रो. झा से इस विषय में मुलाकात कर तत्काल वेतन निर्धारण की मांग की थी। कुलपति ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल आवश्यक बजटीय प्रावधान के साथ वेतन निर्धारण प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि सभी प्रोन्नत शिक्षकों को उनके नए स्केल के अनुसार वेतन शीघ्र प्राप्त हो।शिक्षक संघ ने इसे शिक्षकों के हित में सकारात्मक एवं सराहनीय निर्णय बताते हुए कुलपति की प्रशासनिक तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा की है।


