विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास में सदैव भागीदारी निभा रहा मधेपुरा कॉलेज : कुलसचिव
विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास में सदैव भागीदारी निभा रहा मधेपुरा कॉलेज : कुलसचिव
धूमधाम से मनाया गया स्थापना दिवस

जे टी न्यूज, मधेपुरा :
मधेपुरा कालेज मधेपुरा में शुक्रवार को स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये।
भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा के कुलसचिव डा अशोक कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डा अरूण कुमार झा, कालेज निरीक्षक (विज्ञान) डा अशोक कुमार , कालेज के संस्थापक प्रधानाचार्य रहे डा अशोक कुमार, प्राचार्या डा पूनम यादव, उप प्रधानाचार्य डा भगवान कुमार मिश्रा, सिण्डिकेट सदस्य मेजर डा गौतम कुमार तथा नव निर्वाचित सिनेटर प्रो अरविन्द कुमार यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किये।इसके पूर्व वीमेंस कालेज की शिक्षिका आरती के नेतृत्व में प्रगति, आतिथ्य आनंद, शिक्षिका शिवानी और अंकिता ने विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ साथ स्वागत गीत भी प्रस्तुत कीं।जबकि प्रो जयश्री कुमारी के संयोजकत्व में छात्रा निशा, अस्मिता, साधना, वैष्णवी, आशा और ईशा ने स्वागत नृत्य,मैथिली और झांझरिया भाव नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति पेश की। आगंतुक अतिथियों को पाग, माला,अंगवस्त्र , डायरी और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए कुलसचिव डा सिंह ने कहा कि मधेपुरा कालेज मधेपुरा इस विश्वविद्यालय का अग्रणी कालेज है।यह कालेज शैक्षणिक दृष्टि से लगातार न केवल अपना विकास कर रहा है बल्कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास में भी सदैव भागीदार बना रहता है। विश्वविद्यालय को जब कभी भी किसी सहयोग की आवश्यकता रहती है यह कालेज आगे बढ़कर मदद करने को सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कालेज के कुशल प्रबंधन के कारण यहां की स्थिति बेहतर बनी हुई है।समय- समय पर इसका उदाहरण प्रस्तुत भी किया जाता है।आज भी इसका उदाहरण पेश किया गया।

परीक्षा नियंत्रक डा अरूण कुमार झा ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाकर यह कालेज अपनी ख्याति अर्जित कर ली है। उन्होंने छात्र छात्राओं को लगनशीलता के साथ पठन पाठन कर अपने अपने भविष्य उज्ज्वल बनाने की नसीहत दी।उन्होंने विश्वास दिलाते कहा कि सही तरीके से पढ़ाई कर परीक्षा दैंगे तो उनके स्तर से मार्किंग भी उचितन मिलेगी।
इस अवसर पर संस्थापक प्रधानाचार्य रहे डा अशोक कुमार ने मधेपुरा कालेज की स्थापना के इतिहास को विस्तृत रूपेण पेश किये।उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 के 10 अप्रेल को मधेपुरा कालेज की स्थापना तो की।लेकिन बालू और कास भरे जंगल वाले कौशल्या ग्राम स्थित इस जगह पर वर्ष 1989 में इस कालेज को विधिवत रूप से स्थापित कर अपने अभियान को तेज किया।इस दौरान कालेज से जुड़े शिक्षक शिक्षकेत्तर कर्मचारी सहित समाज के कई सम्मानित लोगों के सहयोग को नजरंदाज नहीं किया जा सकता है।उन्होंने स्थापना दिवस के अवसर पर सबों को हार्दिक बधाई दी।मंच संचालन प्रो मनोज कुमार झा ने किया।जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो मनोज भटनागर ने किया।
स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने में डा कामेश्वर प्रसाद यादव, प्रो विवेकानंद विवेक,प्रो ब्रिजेन्द्र मेहता, प्रो चन्देश्वरी यादव, डा राजेश रंजन, प्रो बिजय कुमार, प्रो दिनेश प्रसाद,प्रो कुमारी किरण, प्रधान लिपिक अरूण कुमार ,गिरिजेश कुमार, अमल किशोर,आशीष कुमार, मंटू कुमार, राज कुमार, चित्त नारायण आदि की भूमिका सराहनीय रही।


