पूर्व विधायक सच्चिदानंद यादव को राजद नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, पार्टी कार्यालय में झुका झंडा
पूर्व विधायक सच्चिदानंद यादव को राजद नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, पार्टी कार्यालय में झुका झंडा
जे टी न्यूज, पटना: राजद के वरिष्ठ नेता एवं जहानाबाद के पूर्व विधायक सच्चिदानंद यादव के निधन पर शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। उनका पार्थिव शरीर पार्टी कार्यालय लाया गया, जहां राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजद के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, सुरेश पासवान, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, विधान पार्षद नागेंद्र प्रसाद उर्फ रिंकू यादव, डॉ. उर्मिला ठाकुर, विधायक सूबेदार दास, राहुल शर्मा, पूर्व विधायक सुदय यादव सहित बड़ी संख्या में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सच्चिदानंद यादव के पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर तथा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
एजाज अहमद के अनुसार, राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव और प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के निर्देश पर पूर्व विधायक के सम्मान में पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया। इस दौरान एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई।
राजद की ओर से जारी शोक संवेदना में लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी प्रसाद यादव, सांसद मीसा भारती और मंगनी लाल मंडल ने सच्चिदानंद यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि उनके निधन से राजद को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए भी सच्चिदानंद यादव कार्यकर्ताओं की तरह संगठन के लिए समर्पित भाव से काम करते रहे। उनके निधन को समाजवादी आंदोलन और राजद के लिए भी क्षति बताया गया।
एजाज अहमद ने बताया कि सच्चिदानंद यादव का अंतिम संस्कार शुक्रवार को बांस घाट पर किया गया। अंतिम संस्कार में सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, विधायक सूबेदार दास, राहुल शर्मा, पूर्व विधायक सुदय यादव समेत राजद के सैकड़ों नेता, कार्यकर्ता और अन्य लोग शामिल हुए।

राजद नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है।

