वंदे भारत के ठहराव की मांग को लेकर रेल महाप्रबंधक से मिले चेंबर के सदस्य
मुरलीगंज स्टेशन पर ट्रेन संख्या 26301/26302 के ठहराव के लिए सौंपा मांग पत्र
वंदे भारत के ठहराव की मांग को लेकर रेल महाप्रबंधक से मिले चेंबर के सदस्य
मुरलीगंज स्टेशन पर ट्रेन संख्या 26301/26302 के ठहराव के लिए सौंपा मांग पत्र
जे टी न्यूज, मुरलीगंज, मधेपुरा:
मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर शुक्रवार को चेंबर ऑफ कॉमर्स के शिष्टमंडल ने पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने ट्रेन संख्या 26301/26302 का मुरलीगंज स्टेशन पर स्थायी ठहराव देने सहित स्टेशन से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि मुरलीगंज कोसी क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक एवं शैक्षणिक केंद्र है। मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर उदाकिशुनगंज, बिहारीगंज, कुमारखंड, जदिया सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्री भी निर्भर हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस का इस मार्ग से गुजरने के बावजूद स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी होती है। शिष्टमंडल ने कहा कि ट्रेन का ठहराव मिलने से व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और मरीजों सहित आम यात्रियों को लाभ होगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। रेल महाप्रबंधक से जनहित में मांग पर विचार कर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया। वहीं चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिव शंकर भगत के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल में सचिव विनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रभात पाल और विनय जायसवाल शामिल थे।

