पालकी में हनुमान तो रथ पर सवार राम लक्ष्मण सिता भक्ति में डूबा पूरा नगर
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,
पालकी में हनुमान तो रथ पर सवार राम लक्ष्मण सिता भक्ति में डूबा पूरा नगर
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,
राम-सीता-लक्ष्मण की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
जे टी न्यूज, करगहर(रोहतास) : जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष,बजरंगबली के जयकारे और भक्ति के उल्लास से पूरा करगहर नगर गूंज उठा। महावीर पूजा के अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा में श्रद्धा और आस्था का ऐसा संगम देखने को मिला कि नगर की सड़कें भक्तिमय हो गईं। पालकी में विराजमान बजरंगबली के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा माहौल जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान रहा। शोभायात्रा की खास बात यह रही कि करगहर की विभिन्न पूजा समितियों के साथ दुर्गा पूजा,लक्ष्मी पूजा छठ पूजा समितियों से जुड़े लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। आपसी एकता और धार्मिक सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए विभिन्न समितियों के सदस्य जुलूस में साथ-साथ चलते नजर आए। पूरे नगर का भ्रमण करते हुए शोभायात्रा ने लोगों को भक्ति और एकजुटता का संदेश दिया।
*पालकी में बजरंगबली, रथ पर राम-सीता-लक्ष्मण की मनमोहक झांकी*
शोभायात्रा में पालकी पर विराजमान हनुमान जी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। वहीं,रथ पर सवार भगवान श्रीराम माता सीता और लक्ष्मण की मनमोहक झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। झांकियों की भव्यता देखते ही बन रही थी। जगह-जगह श्रद्धालु रुककर दर्शन करते और जय श्रीराम के नारे लगाते नजर आए।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ ने करगहर के धार्मिक उत्साह की जीवंत तस्वीर पेश की। पूरा नगर मानो रामभक्ति के रंग में रंग गया हो।
*चप्पे-चप्पे पर नजर, जुलूस के साथ मुस्तैद रही पुलिस*

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर करगहर थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल पूरी तरह सतर्क नजर आए। वे जुलूस की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रहें। पुलिस बल के जवान भी शोभायात्रा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे, ताकि नगर भ्रमण के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस की मुस्तैदी के बीच शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से नगर भ्रमण करते हुए पुनः शिवालय मंदिर परिसर पहुंची। करगहर में निकली इस भव्य धार्मिक शोभायात्रा ने आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। बजरंगबली की पालकी, राम दरबार की आकर्षक झांकी और गूंजते जय श्रीराम के नारों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
