विभूतिपुर में एक महिने में सात जगहों पर सड़क हादसे में आठ लोगों की गई है जान
विभूतिपुर में एक महिने में सात जगहों पर सड़क हादसे में आठ लोगों की गई है जान
हादसे में ग्रामीण चिकित्सक, कंपाउंडर,पंच और सहायिका शामिल
इसमें चार माता पिता के इकलौते पुत्र थे ।
जे टी न्यूज़/सौरभ चौधरी

विभूतिपुर: थाना क्षेत्र में हत्या के बाद इन दिनों सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत होने का सिलसिला जारी है । 1 महीने में सात अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसे में 8 लोगों की जान जा चुकी है । इन 8 लोगों में एक पंच, एक ग्रामीण चिकित्सक, एक सहायिका, दो कंपाउंडर और दो अन्य शामिल हैं । इधर, लगातार सड़क हादसे में लोगों की मौत होने से लोगों को यात्रा करने में भय बना रहता है ।
– घटना 1. 13 दिसंबर को दलसिंहसराय अंगार घाट के मुख्य पथ पर केराई बैजनाथपुर मुस्लिम टोल के समीप केराई सरपति वार्ड 3 निवासी महेंद्र सिंह के एकलौते पुत्र विक्रम कुमार (23) की सड़क हादसे में मौत हो गई । इस मामले में पिता ने अज्ञात वाहन की धक्का लगने से पुत्र की मौत होने का मामला दर्ज करवाया है ।
– घटना 2. 17 दिसंबर को रोसड़ा दलसिंहसराय के मुख्य पथ पर उमा पौदार के घर के समीप आलमपुर कोदरिया पंचायत के वार्ड 4 के पंच रमेश भारती (40) सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था । जिसे 18 दिसंबर को पटना में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । इस मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है ।
– घटना 3. 19 दिसंबर के अहले सुबह रोसड़ा दलसिंहसराय के मुख्य पथ पर श्रवन चौक उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलसंडी डीह के समीप गांव के ही वार्ड 6 निवासी स्वर्गीय राजेंद्र पंडित की पत्नी गुजरी देवी (67) की सड़क हादसे में मौत हो गई । इस मामले में पुत्र विद्यासागर प्रसाद ने अज्ञात वाहन की धक्का लगने से मां की मौत होने की प्राथमिकी दर्ज करवाया है ।
– घटना 4. 19 दिसंबर को ही सिंघिया घाट नरहन के मुख्य पथ ब्लॉक चौक ईंख संग्रह केंद्र के एक निजी शिक्षण संस्थान के समीप कापन वार्ड 4 निवासी नारायण महतो उर्फ भुट्टू महतो की पत्नी, आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 102 की सहायिका शकुंती देवी की सड़क हादसे में मौत हो गई । इस मामले में पुत्र दिनेश महतो ने अज्ञात बाइक की ठोकर से मां की मौत होने की प्राथमिकी दर्ज करवाया है ।
– घटना 5. 19 दिसंबर को रोसड़ा दलसिंहसराय के मुख्य पथ पर ही तरुणिया मैदान के समीप महम्मदपुर सकरा के वार्ड 10 निवासी स्वर्गीय राम गुलेब राय के पुत्र कंपाउंडर रामनंदन यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई । इस मामले में मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने मुस्तफापुर वार्ड 7 के सूर्य नारायण महतो के पुत्र चालक अमन कुमार को आरोपित करते हुए एसी पिकअप गाड़ी से धक्का लगने के कारण पति का मौत होने का मामला दर्ज करवाई है ।
– घटना 6. 23 दिसंबर को सिंघिया घाट नरहन के मुख्य पथ वीरसहिया गांव के शिक्षक राजेश कुमार घर के समीप एक अनियंत्रित ट्रक की कुचलने से विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भुसवर लिटीयाही वार्ड 8 निवासी उमेश महतो के एकलौते पुत्र कंपाउंडर अभिषेक कुमार (20) और बेगूसराय जिला अंतर्गत भगवानपुर थाना क्षेत्र के हरिचक वार्ड 14 निवासी विजय महतो के एकलौते पुत्र ग्रामीण चिकित्सक शशि भूषण कुमार 22 की मौत हो गई है । इस मामले में मृतक अभिषेक मां मंजू देवी ने अपने पुत्र व ग्रामीण चिकित्सक शशि भूषण कुमार को चालक के द्वारा तेजी और लापरवाही के कारण ट्रक के कुचलने से मौत होने का मामला दर्ज करवाई है ।
– घटना 7. 27 दिसंबर को सिंघिया घाट हरिचक के मुख्य पथ गंगौली चौक के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने एक युवक को कुचला दिया था । जिससे घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई थी। वहीं ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर भागने में सफल हो गया था । मृत युवक की पहचान बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा निवासी मंटून यादव के 30 वर्षीय पुत्र विपिन यादव के रुप में किया गया था ।
बयान : मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में पुलिस कार्रवाई कर रही है । लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटना होती है । गाड़ी चलाते समय या सड़क पार करते समय लोगों को लापरवाही बरतनी चाहिए


