मुंगेर विश्वविद्यालय और विज़न्स डिजिटल एकेडमी के बीच एमओयू हस्ताक्षरित, छात्रों को मिलेगा आईटी प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट का मौका।
मुंगेर विश्वविद्यालय और विज़न्स डिजिटल एकेडमी के बीच एमओयू हस्ताक्षरित, छात्रों को मिलेगा आईटी प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट का मौका।

जेटीन्यूज
संजीव मिश्रा
भागलपुर/मुंगेर: मुंगेर विश्वविद्यालय और दिल्ली स्थित विज़न्स डिजिटल एकेडमी एलएलपी के बीच 20 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू का उद्देश्य विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन आईटी प्रशिक्षण, इंटर्नशिप तथा प्लेसमेंट सहायता प्रदान करना है। इस समझौते के तहत विज़न्स डिजिटल एकेडमी स्नातक सेमेस्टर-5 के छात्रों को एक माह का ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप तथा सेमेस्टर-8 के छात्रों को लाइव प्रोजेक्ट वर्क उपलब्ध कराएगी। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले छात्रों को इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्लेसमेंट सहायता केवल उन्हीं छात्रों को दी जाएगी जो लाइव प्रोजेक्ट युक्त पाठ्यक्रम (3 माह या 4 माह) सफलतापूर्वक पूर्ण करेंगे, जिससे छात्रों को वास्तविक कार्य-अनुभव के आधार पर रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. घनश्याम राय तथा विज़न्स डिजिटल एकेडमी के प्रतिनिधि दिनकर कुमार ठाकुर एवं शिवांशु कुमार ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। उपलब्ध पाठ्यक्रमों में डिजिटल मार्केटिंग, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, वेब डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, पायथन प्रोग्रामिंग, ग्राफिक्स डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग सहित 13 से अधिक कोर्स शामिल हैं। पाठ्यक्रम की फीस न्यूनतम ₹400 + 18% जीएसटी से प्रारंभ होकर अधिकतम ₹1,300 + 18% जीएसटी तक है, जो पाठ्यक्रम की अवधि एवं प्रकार के अनुसार निर्धारित की गई है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह समझौता छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


