छह दिवसीय माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान का सफल आयोजन

छह दिवसीय माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान का सफल आयोजन

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों एवं वर्जनाओं को दूर करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा माहवारी के दौरान उचित देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 25 मई 2026 से 30 मई 2026 तक उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रसलपुर, सरायरंजन, समस्तीपुर में सखी सहायता डेस्क (किशोरी मंच) के तत्वावधान में प्रधानाध्यापक श्री मनीष चन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में छह दिवसीय माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के सखी सहायता डेस्क (किशोरी मंच) की नोडल शिक्षिका श्रीमती गुड़िया कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच पोषण एवं स्वास्थ्य, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन, व्यक्तिगत स्वच्छता का महत्व, सुरक्षित माहवारी प्रबंधन तथा स्वास्थ्यकर जीवनशैली से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अभियान के अंतर्गत पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, समूह चर्चा, जागरूकता सत्र एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहलू यह रहा कि इसमें बालकों और बालिकाओं दोनों को समान रूप से शामिल कर माहवारी के विषय में वैज्ञानिक एवं संवेदनशील जानकारी दी गई, जिससे इस विषय पर खुलकर संवाद स्थापित करने का सकारात्मक वातावरण बना।


कार्यक्रम के क्रम में छात्राओं को “रेड डॉट अभियान” से जोड़ते हुए “चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो” संदेश के साथ जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके माध्यम से छात्राओं को माहवारी के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह अभियान केवल स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने विद्यार्थियों एवं समुदाय में भावनात्मक संवेदनशीलता, लैंगिक समानता और सम्मानजनक संवाद की संस्कृति को भी सशक्त बनाया। विद्यालय परिवार का विश्वास है कि ऐसी पहलें एक स्वस्थ, जागरूक और संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
“माहवारी कोई शर्म नहीं, बल्कि प्रकृति की एक सामान्य एवं स्वस्थ प्रक्रिया है। जागरूकता ही सम्मान और सशक्तिकरण का आधार है।”

Related Articles

Back to top button