आवासीय स्कूल में छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, एफएसएल जांच शुरू, संचालक फरार
आवासीय स्कूल में छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, एफएसएल जांच शुरू, संचालक फरार
एसपी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
जे टी न्यूज, मुरलीगंज, मधेपुरा :

मुरलीगंज थाना क्षेत्र के नाढी पंचायत स्थित एक आवासीय विद्यालय में छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शनिवार देर रात
की बताई जा रही है। मृत छात्र के परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान परमानंदपुर गांव वार्ड संख्या-10 निवासी रामानंद यादव के पुत्र आनंद प्रेम (6 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कक्षा एक का छात्र था और पिछले दो वर्षों से नाढी पंचायत स्थित जेडी पब्लिक स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता ग्वालपाड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉक्टर संदीप सिंह ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को घटना स्थल पर भेजा गया, जो वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है।
एसपी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस और एफएसएल की टीम सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
विद्यालय संचालक फरार :

प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम जब विद्यालय पहुंची तो उससे पहले ही विद्यालय सह कोचिंग संचालक वहां से फरार हो चुका था। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी। परिसर चारों ओर से पक्की बाउंड्री वॉल के बजाय टिन और चादरों के अस्थायी घेरों से घिरा हुआ था। साथ ही बच्चों की सुरक्षा के लिए परिसर में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था।
हालांकि स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के कारण संसाधनों की कमी अवश्य थी, लेकिन शिक्षकों का व्यवहार और शैक्षणिक माहौल अच्छा माना जाता था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा
भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस फरार संचालक की तलाश के साथ मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
