बेतिया में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, बर्खास्तगी की मांग
सीटू, किसान सभा और खेत-ग्रामीण मजदूर यूनियन ने किया प्रदर्शन, दिल्ली में आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी का लगाया आरोप
बेतिया में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, बर्खास्तगी की मांग
सीटू, किसान सभा और खेत-ग्रामीण मजदूर यूनियन ने किया प्रदर्शन, दिल्ली में आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी का लगाया आरोप
जे टी न्यूज

बेतिया, 10 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर शनिवार को बेतिया के सोवा बाबू चौक पर सीटू, किसान सभा तथा खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की ओर से प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा की केंद्रीय किसान कमेटी के सदस्य प्रभुराज नारायण राव ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर राजधानी को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है।
खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के जिला सचिव प्रभुनाथ गुप्ता ने आरोप लगाया कि देर रात करीब एक बजे खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन, एसएफआई और डीवाईएफआई के दिल्ली स्थित कार्यालय पर छापेमारी की गई। उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान माकपा महासचिव एम.ए. बेबी, किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक धवले, महासचिव बीजू कृष्णन, वृंदा करात, सांसद शिवदासन और ए.आर. सिंधु सहित सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सीटू के राज्य सचिव शंकर कुमार राव ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सरकार को राजनीतिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
प्रदर्शन को बिहार राज्य किसान सभा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य चांदसी प्रसाद यादव, सीटू के जिला अध्यक्ष नीरज बरनवाल, खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष मो. हनीफ, योगेंद्र प्रसाद, शमी झुना मियां और राधेश्याम सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
