अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ओपीडी सुनिश्चित करे सिविल सर्जन – डीएम जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा कर दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ओपीडी सुनिश्चित करे सिविल सर्जन – डीएम
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा कर दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
जननी सुरक्षा योजना एवं आशा प्रोत्साहन राशि भुगतान में तेजी लाने का निर्देश

जे टी न्यूज़, मधुबनी : जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सदर अस्पताल सहित जिले के सभी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति एवं ओपीडी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में रेफरल मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अनावश्यक रेफरल की संख्या कम करने तथा जिला स्तर पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाई जाए।
जिलाधिकारी ने आगामी 28 जून से प्रारंभ होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं एवं जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को देय प्रोत्साहन राशि के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि लाभार्थियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर उनका अधिकार प्राप्त हो सके।
उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि “स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक नागरिक को समय पर एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सभी स्वास्थ्यकर्मी समर्पण भाव से कार्य करें तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।”
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता आपदा, संतोष कुमार , सिविल सर्जन, डॉ हरेन्द्र कुमार ,जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी,डीएमओ दया शंकर सिंह, डीपीएम पंकज कुमार,डीपीओ आईसीडीएस, जिला स्वास्थ्य समिति के सभी सलाहकार, सभी स्वास्थ्य अधीक्षक व उपाधीक्षक, जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अस्पताल प्रबंधक एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधकों आदि उपस्थित थे।।


