राज्य में चीनी उद्योग के साथ ही गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयासरत: मंत्री
गन्ना किसानों और उद्यमियों की समस्याओं का निदान करने को सरकार प्रतिबद्ध
राज्य में चीनी उद्योग के साथ ही गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयासरत: मंत्री
गन्ना किसानों और उद्यमियों की समस्याओं का निदान करने को सरकार प्रतिबद्ध

जे टी न्यूज, पटना:
बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा के लिए गुरुवार को विकास भवन स्थित गन्ना उद्योग विभाग के सभागार में बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता विभागीय सचिव श्री धर्मेंद्र सिंह ने की।
बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के संबंध में गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य में किसानों की खुशहाली और उनके आय में वृद्धि के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। नई चीनी मिलों को स्थापित करने के साथ ही गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार योजना शुरू की है। इस योजना के तहत गुड़ उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को अनुदान दिया जा रहा है। गन्ना विस्तार के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। ताकि मिल और गुड़ उद्योग को गन्ना की कमी नहीं रहे।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों को संबोधित करते हुए गन्ना उद्योग विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि आपकी और गन्ना किसानों की समस्याओं का निदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। किसानों को जागरूक करें ताकि गन्ना का विस्तार हो सकें। पदाधिकारियों ने कहा कि गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के क्रियान्वयन में जो भी समस्याएं आ रही है उसका शीघ्र समाधान किया जाएगा। गन्ना के क्षेत्र में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के लिए जिलावार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी कार्य ऑनलाइन किये जा रहे हैं। विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों को देखना है कि उद्यमियों और किसानों को आवेदन करने से लेकर अनुदान के भुगतान में कोई परेशानी नहीं हो। प्रत्येक जिला में दो-दो गन्ना नर्सरी लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में उद्यमियों ने बताया कि प्रोजेक्ट कॉस्ट पुराना है उसे अपडेट किया जाए। मशीनरी के सप्लायरों की सूची किसानों को उपलब्ध कराई जाए ताकि आसानी से आधुनिक यंत्र मिल सके। किसानों और गुड़ उद्योग से जुड़े उद्यमियों को प्रशिक्षण दिलाया जाए, गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ना बढ़ाने के लिए कार्य किया जाए, जंगली पशुओं के कारण गन्ना की फसल बर्बाद हो रही है उसे रोकने की व्यवस्था की जाए, बिजली की समस्या को दूर करने के साथ ही किसानों को अच्छे गन्ना बीज उपलब्ध करायी जाए।
बैठक में ईख आयुक्त श्री अनिल कुमार झा, संयुक्त ईखायुक्त वेदव्रत एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
