बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अधिनायक अनुदेशक परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की समीक्षा
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अधिनायक अनुदेशक परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की समीक्षा

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा दिनांक 29 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली अधिनायक अनुदेशक प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा, 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर श्री अरविंद प्रताप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा असामाजिक तत्वों एवं कदाचार फैलाने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों के सुगम एवं सुरक्षित प्रवेश-निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिले में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 6,576 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा के सफल संचालन हेतु 3 उड़न दस्ता दल, 8 जोनल दंडाधिकारी तथा 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।
गठित तीन उड़न दस्ता दलों में क्रमशः नगर आयुक्त, समस्तीपुर श्री ज्ञान प्रकाश, बंदोबस्त पदाधिकारी, समस्तीपुर श्री विजय कुमार तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री विष्णु देव मंडल को प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी उड़न दस्ता दलों को परीक्षा अवधि के दौरान नियमित रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का दायित्व सौंपा गया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर , सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित थे। बैठक में परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।



