बजरंगबली मंदिर की व्यवस्था एवं दुकानदारों से अवैध वसूली की शिकायत को लेकर बैठक आयोजित
बजरंगबली मंदिर की व्यवस्था एवं दुकानदारों से अवैध वसूली की शिकायत को लेकर बैठक आयोजित

जे टी न्यूज़, दरभंगा:
2 अक्टूबर 2026 को श्री श्री 108 सार्वजनिक बजरंगबली मंदिर के परिसर में श्री हुकुमदेव यादव जी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर एवं उसके आसपास फल आदि की दुकान लगाने वाले दुकानदारों से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से चंदा/पैसा एवं रंगदारी की मांग किए जाने साथ ही मोबाइल में सीसीटीवी का संचालन तथा मंदिर की व्यवस्था को लेकर उत्पन्न विवाद पर चर्चा करना था।
बैठक के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से व्यवधान उत्पन्न किए जाने के कारण मौके पर हंगामा एवं शोरगुल की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी महोदया पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर पहुंचीं और उपस्थित लोगों से पूरी घटना की जानकारी लेकर मामले को समझा।
थाना प्रभारी महोदया ने सभी पक्षों की बात सुनने के बाद मंदिर की चाभी को कुछ दिनों के लिए अपने पास सुरक्षित रखने का निर्णय लिया तथा आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जानकारी एवं मंदिर की व्यवस्था को समझने के बाद नवगठित समिति को मंदिर की चाभी विधिवत सौंप दी जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी एवं संचालन किसी व्यक्ति के निजी मोबाइल फोन के माध्यम से नहीं किया जाएगा। इसके स्थान पर मंदिर परिसर में मॉनिटर/एलईडी की व्यवस्था कर सीसीटीवी का प्रसारण वहीं किया जाएगा, ताकि निगरानी व्यवस्था पारदर्शी एवं सुरक्षित रहे। मंदिर की चाभी पुजारी तथा नवगठित कमिटी के अध्यक्ष एवं सचिव के जिम्मे रहने की व्यवस्था पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा स्थान के संरक्षकगण, अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी और ग्रामवासी भी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य संरक्षक श्री *राकेश नायक* जी की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। उक्त बातें श्री राकेश नायक जी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया
मुख्य संरक्षक श्री राकेश नायक जी ने कहा कि मंदिर सार्वजनिक आस्था का केंद्र है और इसकी व्यवस्था शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं समिति के नियमों के अनुसार चलनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा दुकानदारों अथवा श्रद्धालुओं से जबरन पैसा वसूलने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर की व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद या टकराव उचित नहीं है। सभी लोग आपसी सहयोग एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर मंदिर की गरिमा और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
श्री नायक जी ने थाना प्रभारी महोदया से भी पूरे मामले में निष्पक्ष रूप से आवश्यक कार्रवाई एवं मंदिर की व्यवस्था को सुव्यवस्थित कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मंदिर किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि आम श्रद्धालुओं की आस्था का सार्वजनिक स्थल है और इसकी व्यवस्था पारदर्शी एवं जिम्मेदार कमेटी के माध्यम से ही संचालित होनी चाहिए।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मंदिर परिसर में शांति, सुरक्षा, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ सहयोग करने का संकल्प लिया।

