“विकसित और समृद्ध बिहार ही मेरे जीवन का उद्देश्य” : नीतीश कुमार
गया में ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ
“विकसित और समृद्ध बिहार ही मेरे जीवन का उद्देश्य” : नीतीश कुमार
गया में ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ
बिहार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से किया गया प्रदर्शित
जे टी न्यूज,
गया/पटना, 17 अक्टूबर 2026: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने शनिवार को गया के केदारनाथ मार्केट में चार दिवसीय ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी वर्ष 2005 से 2025 के बीच मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान बिहार में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित है। जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में बिहार के विकास की यात्रा को चित्रों, कलाकृतियों और अन्य रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर नीतीश कुमार ने कहा कि विकसित और समृद्ध बिहार का निर्माण ही उनके जीवन का उद्देश्य रहा है। पिछले दो दशकों में उन्होंने लगातार यही प्रयास किया कि बिहार विकास के हर पैमाने पर आगे बढ़े और अपने पुराने गौरव को फिर से प्राप्त करे।
उन्होंने कहा, “मैं अपने 20 वर्षों के कार्यकाल की हर उपलब्धि बिहारवासियों के प्रेम और विश्वास को समर्पित करता हूं। करोड़ों बिहारवासियों का भरोसा ही मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।”
नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बिहार की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। उन्होंने सुशासन और न्याय के साथ विकास के मंत्र को लेकर काम शुरू किया। उनके अनुसार, दो दशकों में विकास की यात्रा में कई महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए गए हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान एनडीए सरकार बिहार के विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ा रही है। उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
महिला सशक्तीकरण से लेकर आधारभूत सुविधाओं तक की उपलब्धियां प्रदर्शित
प्रदर्शनी में वर्ष 2005 से 2025 के दौरान बिहार में हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसमें महिला सशक्तीकरण, जीविका के माध्यम से महिलाओं की आत्मनिर्भरता, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, साइकिल एवं पोशाक योजना, कानून-व्यवस्था में सुधार तथा कृषि, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को शामिल किया गया है।
इसके अतिरिक्त सामाजिक सद्भाव, जल-जीवन-हरियाली अभियान, शराबबंदी, दहेजबंदी, बाल विवाह उन्मूलन, महिला रोजगार योजना तथा गया, बोधगया, नालंदा और नवादा तक गंगाजल पहुंचाने की परियोजना से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी को आकर्षक बनाने के लिए विकास कार्यों पर आधारित गीत और पम्फलेट भी तैयार किए गए हैं।
प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में जदयू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने इस प्रदर्शनी के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नीतीश कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसकी पहल के लिए कार्यकर्ताओं की सराहना की।
हजारों लोगों ने किया स्वागत
नीतीश कुमार के गया पहुंचने पर कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और उनके सम्मान में नारे लगाए। नीतीश कुमार ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनका कुशल-क्षेम जाना। इस दौरान लोगों के उत्साह और स्नेह को देखकर वे अभिभूत नजर आए।
कार्यक्रम में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय गांधी, विधायक मनोरमा देवी, जदयू के प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव हरेंद्र बहादुर सिंह तथा गया जदयू के जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा सहित कई गणमान्य व्यक्ति, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
चार दिवसीय ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी के माध्यम से जदयू कार्यकर्ताओं ने बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान हुए विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल की है।



