पंचायत कार्यपालकों की सेवा बिस्तार अगले वर्ष मार्च 2022 तक

 

जेटी न्यूज मधुबनी

ग्राम पंचायत कार्यपालक सहायकों की सेवा अवधि को विस्तारित कर दिया गया है। पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायत कार्यपालक सहायकों की सेवा अवधि 31 मार्च 2022 तक विस्तारित कर दिया है। इस संबंध में पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी को पत्र भेजकर अवगत करा दिया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ाने एवं ग्राम पंचायत कार्यालय के कार्यों की प्रभावी प्रबंधन के लिए ग्राम पंचायतों में जिला स्तर पर बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन के पैनल से एक-एक कार्यपालक सहायक का नियोजन करने का प्रावधान किया गया था।

इस प्रावधान के तहत ग्राम पंचायतों में कार्यपालक सहायकों का नियोजन मानदेय के आधार पर 31 मार्च 2020 तक के लिए किया गया था। हालांकि प्रावधान किया गया था कि आवश्यकतानुसार नियोजन अवधि को बढ़ाया जा सकता है। इस आलोक में ग्राम पंचायतों में नियोजित कार्यपालक सहायकों का सेवा विस्तार पहले 31 मार्च 2020 से बढ़ाकर 31 मई 2020 तक किया गया था। इसके बाद एक बार फिर ग्राम पंचायत कार्यपालक सहायकों का सेवा विस्तार 31 मार्च 2021 तक के लिए किया गया।

 

अब पुन: ग्राम पंचायत कार्यपालक सहायकों का सेवा अवधि का विस्तार 31 मार्च 2022 तक के लिए कर दिया गया है। पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव ने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि नियोजित ग्राम पंचायत कार्यपालक सहायकों की सेवा जारी रखने के लिए अपने स्तर से भी सभी संबंधितों का निदेशित करें।

Related Articles

Back to top button