रसोइया रुकिया देवी के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित
रसोइया रुकिया देवी के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित
जे टी न्यूज, छातापुर:
छातापुर प्रखंड के लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत स्थित वार्ड 1 के प्रा. विद्यालय यादव राम टोला नरहेया में बुधवार को विद्यालय के रसोइया रुकिया देवी के सेवानिवृत्त होने पर एक विदाई और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में विद्यालय परिवार के सदस्य और अन्य सम्मानित लोग उपस्थित थे।
समारोह की शुरुआत प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी द्वारा रसोइया रुकिया देवी को टोपी, माला, अंग वस्त्र, चादर, जूता, मोजा, स्वेटर और श्रृंगार सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान माहौल गमगीन हो गया, क्योंकि रुकिया देवी का योगदान और उनकी निष्ठा सभी के दिलों में बस चुकी थी।
प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी ने अपने संबोधन में रुकिया देवी की निष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा, “सरकारी सेवा में हर किसी का एक दिन रिटायरमेंट होता है, लेकिन जिनकी ईमानदारी और कार्य के प्रति समर्पण की चर्चा होती रहती है, वे सच्चे आदर्श होते हैं। रुकिया देवी मेरी मां समान थीं, और उनकी पाक कला में निपुणता ने बच्चों को हमेशा स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन प्रदान किया। उन्होंने प्रतिदिन साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए, गुणवत्तापूर्ण मीनू के हिसाब से भोजन तैयार किया और उसे बच्चों तक पहुंचाया। उनकी कर्तव्य निष्ठा को विद्यालय परिवार हमेशा याद रखेगा।”
इस अवसर पर सहायक शिक्षक फैज अहमद, शिक्षिका पिंकी कुमारी, चंचल कुमारी, अध्यक्ष राम कुमार राम, सरिता देवी, बुधनी देवी और अन्य ने भी रुकिया देवी के योगदान और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि रुकिया देवी ने अपने कार्यकाल में न केवल विद्यालय के बच्चों के लिए स्वादिष्ट भोजन तैयार किया, बल्कि विद्यालय की साफ-सफाई और अन्य कार्यों में भी अपनी पूरी निष्ठा से योगदान दिया।
रुकिया देवी के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार ने उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की और उनके द्वारा किए गए योगदान को हमेशा याद रखने का संकल्प लिया।