समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत रामभद्रपुर- थलवारा रेलखंड पर आज हॉगा सीआरएस निरीक्षण।
समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत रामभद्रपुर- थलवारा रेलखंड पर आज हॉगा सीआरएस निरीक्षण।
जेटीन्यूज़

समस्तीपुर: समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत नवनिर्मित 12 किमी लंबे रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड पर आज स्पीड ट्रायल तथा संरक्षा आयुक्त (रेलवे), पूर्वी परिमंडल, कोलकाता द्वारा निरीक्षण किया जायेगा । अतः सभी को सूचित किया जाता है कि उक्त स्पीड ट्रायल एवं निरीक्षण के दौरान रेलवे लाईन से दूर रहें । इसकी अवहेलना करने पर यदि किसी भी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसके लिए रेल प्रशासन जिम्मेवार नहीं होगा । 38 किमी लंबे समस्तीपुर- दरभंगा परियोजना के अंतर्गत अब तक 26 किलोमीटर रेलखंड का दोहरीकरण कार्य पूरा कर इसकी कमीशनिंग की जा चुकी है ।

अब इस परियोजना के अंतर्गत 12 किलोमीटर लंबे रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड का दोहरीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है जिसका आज यानी बुधवार को सीआरएस द्वारा निरीक्षण किया जाएगा । ज्ञात हो कि समस्तीपुर- दरभंगा रेलखंड मिथिलांचल क्षेत्र में यात्री एवं माल परिवहन को सुगम बनाता है। भौगोलिक दृष्टिकोण से यह रेलखंड मिथिला क्षेत्र की रेल अवसंरचना का अभिन्न अंग है तथा बिहार के उत्तरी जिलों के बीच आंतरिक संपर्क को सुदृढ़ करता है । दोहरीकरण कार्य के उपरांत डीएमयू सेवाओं द्वारा समस्तीपुर और दरभंगा के मध्य यात्रा अवधि में कमी आएगी । इससे रेलखंड पर भीड़ भाड़ में कमी आएगी तथा और अधिक रेल सेवाओं का परिचालन संभव हो सकेगा। दोहरीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद मुक्तापुर, लहेरियासराय, दरभंगा एवं तारसराय स्थित महत्वपूर्ण माल गोदामों में ज्यादा इनवर्ड गुड्स ट्रैफिक की संभावना है।



