संगीत जगत की अपूरणीय क्षति : प्रो. राम स्वार्थ ठाकुर ‘मतवाला’ का निधन


समस्तीपुर एवं मिथिला क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःखद समाचार है कि बिहार के जाने-माने व्यक्तित्व, प्रख्यात संगीताचार्य तथा समस्तीपुर वीमेंस कॉलेज के पूर्व संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. राम स्वार्थ ठाकुर ‘मतवाला’ का लगभग 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से शैक्षणिक, सांगीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है।
प्रो. मतवाला संगीत के अत्यंत कुशल एवं समर्पित शिक्षक थे। उन्होंने वर्षों तक अपने ज्ञान, साधना एवं शिक्षण के माध्यम से अनेक विद्यार्थियों को संगीत की शिक्षा प्रदान की। वे न केवल महाविद्यालय में संगीत विभागाध्यक्ष के रूप में लोकप्रिय रहे, बल्कि अपना निजी संगीत विद्यालय संचालित कर भी संगीत साधना एवं संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे।


शिक्षण एवं संगीत के अतिरिक्त वे विधि व्यवसाय (वकालत) से भी जुड़े रहे तथा सामाजिक जीवन में भी उनकी सक्रिय एवं सम्मानित पहचान थी। वे मूल रूप से समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय प्रखंड अंतर्गत गढ़सिसई गांव के निवासी थे।
उनके निधन से शिक्षा, संगीत एवं समाज सेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। महाविद्यालय परिवार, उनके शिष्य एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है।

Related Articles

Back to top button