ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति की अध्यक्षता में विद्वत परिषद् की बैठक आयोजित
विश्वविद्यालय में संचालित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में स्थापित होगा 'नीतीश कुमार चेयर'
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति की अध्यक्षता में विद्वत परिषद् की बैठक आयोजित
विश्वविद्यालय में संचालित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में स्थापित होगा ‘नीतीश कुमार चेयर’

जे टी न्यूज, दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में विद्वत परिषद् की बैठक कुलपति आवासीय कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें प्रो एच के सिंह, प्रो दिलीप कुमार चौधरी, प्रो मुश्ताक अहमद, प्रो सिद्धार्थ शंकर सिंह, प्रो पुनीता झा, प्रो उमेश कुमार, प्रो नारायण झा, प्रो भूपेन्द्र नारायण, डॉ फूलो पासवान, डॉ शशि भूषण राय, डॉ अनिल कुमार चौधरी, डॉ कृष्णकान्त झा, डॉ अनुरंजन कुमार, डॉ आरती साह, डॉ मुकेश कुमार, डॉ अजय कुमार सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।
कुलसचिव द्वारा गणपूर्ति की सूचना के उपरान्त कुलपति के आदेश से बैठक प्रारंभ हुई। सर्वसम्मति से गत 2 जुलाई को सम्पन्न विद्वत परिषद् के कार्यवृत्त की संपुष्टि की गई।
विद्वत परिषद् के सदस्य प्रो दिलीप कुमार चौधरी के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से विश्वविद्यालय में संचालित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम डब्ल्यूआईटी में “नीतीश कुमार चेयर” की स्थापना की स्वीकृति दी गई। कुलपति ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चूंकि पूर्व मुख्यमंत्री इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, इस कारण ही “नीतीश कुमार चेयर” की स्थापना महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में की जा रही है। कुलपति ने बताया कि इस चेयर के उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आमंत्रित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
डॉ एपीजे अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में विभिन्न नए प्रस्तावित 4 वर्षीय पाठ्यक्रम के अंतर्गत- इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फैशन टेक्नोलॉजी तथा बैचलर ऑफ़ बिज़नस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) कोर्सों में 30- 30 सीटों की स्वीकृति दी गई। वहीं पीजी पाठ्यक्रम के अंतर्गत बायोटेक्नोलॉजी एवं मास्टर इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) में 60- 60 सीटों की स्वीकृति प्रदान की गई।

बिहार लोक भवन, पटना के पत्र के आलोक में 2 वर्षीय स्नातकोत्तर (सेमेस्टर प्रथम एवं द्वितीय) में आठ विषयों- भूगोल, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, वनस्पति विज्ञान, उर्दू, राजनीति विज्ञान, गृह विज्ञान, संस्कृत तथा एजुकेशन के पाठ्यक्रमों की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं सीएम कॉलेज, दरभंगा में शिक्षाशास्त्र में स्नातकोत्तर के प्रस्तावित पठन-पाठन हेतु गठित समिति की रिपोर्ट के आलोक में शीघ्र ही स्वीकृति प्रदान करने का निर्णय लिया गया। कुलसचिव डॉ दिव्या रानी हंसना ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
