मुंगेर विश्वविद्यालय में अंगीभूत महाविद्यालयों के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
मुंगेर विश्वविद्यालय में अंगीभूत महाविद्यालयों के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

मुंगेर: मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के सिंडिकेट हॉल में आज दोपहर 12:00 बजे विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय कुलपति, मुंगेर विश्वविद्यालय, प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने की। बैठक में विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में माननीय कुलपति ने महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता एवं अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए—
सभी महाविद्यालय आंतरिक (Internal) एवं प्रायोगिक (Practical) परीक्षाओं के अंक निर्धारित समय-सीमा के भीतर विश्वविद्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी शैक्षणिक कैलेंडर का सभी महाविद्यालयों में अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रत्येक महाविद्यालय में एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS) एवं खेलकूद (Sports) के लिए प्रभारी अधिकारी नामित किए जाएं।
महाविद्यालय के प्राचार्य बिना आवश्यक अनुमति के सायं 6:00 बजे से पूर्व महाविद्यालय नहीं छोड़ेंगे।
महाविद्यालय परिसर, प्रयोगशालाओं एवं पुस्तकालय की प्रतिदिन नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
स्नातक (UG) इंटर्नशिप पाठ्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु प्रत्येक महाविद्यालय एक इंटर्नशिप नोडल पदाधिकारी नामित करे।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी पत्रों के अनुपालन प्रतिवेदन (Compliance Report) निर्धारित समय-सीमा के भीतर विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराए जाएं। विलंब होने की स्थिति में संबंधित प्राचार्य के वेतन से दंड राशि की कटौती की जा सकती है।
प्रत्येक महाविद्यालय में नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए तथा आगामी अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन कर टीम का गठन किया जाए।
सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के अवकाश आवेदन केवल समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किए जाएं।
समर्थ पोर्टल के कुल 26 मॉड्यूल में से 11 मॉड्यूल सफलतापूर्वक लागू किए जा चुके हैं तथा शेष मॉड्यूल भी शीघ्र लागू किए जाएंगे।
बैठक में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (DSW) प्रो. महेश्वर मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. दशरथ प्रजापति, कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय, सीसीडीसी डॉ. दिवाकर कुमार, वित्त पदाधिकारी श्री राजेन्द्र प्रसाद, उप-कुलसचिव डॉ. अंसु कुमार राय एवं श्री प्रिया रंजन तिवारी, नोडल पदाधिकारी डॉ. सूरज कोनार तथा पेंशन पदाधिकारी डॉ. कंचन सिंह सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने सभी उपस्थित प्राचार्यों एवं विश्वविद्यालय पदाधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि बैठक में दिए गए निर्देशों का सभी महाविद्यालय समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पालन करेंगे, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनेगी।


