अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बिहार के विभिन्न जिलों में योग कार्यक्रम आयोजित करेगा स्वामी विवेकानंद जीवन ज्योति फाउंडेशन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बिहार के विभिन्न जिलों में योग कार्यक्रम आयोजित करेगा स्वामी विवेकानंद जीवन ज्योति फाउंडेशन
जे टी न्यूज,मधुबनी

स्वामी विवेकानंद जीवन ज्योति फाउंडेशन द्वारा 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। फाउंडेशन के संस्थापक एवं सचिव केतन राज ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक विकास का भी माध्यम है। संस्था का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना है। उन्होंने बताया कि मधुबनी जिले में दो प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की पुष्टि हो चुकी है। पहला कार्यक्रम हिमा दास फिजिकल एकेडमी, वाटसन हाई स्कूल, मधुबनी में तथा दूसरा कार्यक्रम प्रथम पाठशाला, हनुमान चौक, मधेपुर (मधुबनी) में आयोजित किया जाएगा। दोनों स्थानों पर प्रातः 6:00 बजे से योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। इसके अतिरिक्त फाउंडेशन की विभिन्न जिला एवं प्रखंड इकाइयों द्वारा बिहार के अन्य जिलों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा तथा योग के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। केतन राज ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को जन-आंदोलन बनाने में सहयोग करें तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

