पेपर लीक के विरोध में आइसा का मशाल जुलूस, बिहार बंद सफल बनाने की अपील
पेपर लीक के विरोध में आइसा का मशाल जुलूस, बिहार बंद सफल बनाने की अपील

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने, आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों-युवाओं की रिहाई, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, एनटीए को भंग करने, एनपीए को रद्द करने तथा छात्र आंदोलनों पर पुलिसिया कार्रवाई बंद करने की मांग को लेकर बिहार बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के बैनर तले समस्तीपुर में मशाल जुलूस निकाला गया।
जुलूस का नेतृत्व आइसा के जिला अध्यक्ष लोकेश कुमार, जिला सचिव लोकेश राज एवं जिला उपाध्यक्ष दीपक यादववंशी ने किया। मशाल जुलूस शहर के मालगोदाम चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेशन चौक स्थित गांधी स्मारक पहुंचा, जहां जोरदार नारेबाजी के बाद सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने, आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों को अविलंब रिहा करने, दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा छात्र आंदोलनों पर पुलिसिया दमन बंद करने की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनदबाव आवश्यक है। उन्होंने समस्तीपुर जिले के छात्रों, युवाओं एवं आम नागरिकों से बिहार बंद में बढ़-चढ़कर भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की।
सभा को सोनू कुशवंशी, गोलू यादव, अभिषेक चौधरी, धीरज कुमार, आशीष देव, अंशु कुमार, राकेश कुमार, अग्रसेन, अनिरुद्ध, सौरभ, कुंदन, भाकपा (माले) के प्रो. उमेश कुमार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, ललन कुमार, अशोक कुमार, जयंत कुमार, द्रख्शा जबीं, तौफीक आलम एवं आफताब आलम सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

