फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज, DM ने दिए सख्त निर्देश – लापरवाही बर्दाश्त नहीं
पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश, 373 पंचायतों में लग रहे विशेष शिविर
फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज, DM ने दिए सख्त निर्देश – लापरवाही बर्दाश्त नहीं
पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश, 373 पंचायतों में लग रहे विशेष शिविर

जे टी न्यूज, मुजफ्फरपुर : जिलाधिकारी ने आज फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अभियान की अद्यतन स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी का कार्य मिशन मोड में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारीगण सरकार के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें और लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि लाएं। इस अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों, जिला कृषि पदाधिकारी, अपर समाहर्ता एवं उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि क्षेत्रीय अधिकारियों के माध्यम से सघन जन-जागरूकता अभियान चलाएं, लंबित आवेदनों को शीघ्र निष्पादित करें और विशेष शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।
किसान हैं अभियान के केंद्र बिंदु: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने कहा कि इस पूरे अभियान के केंद्र बिंदु हमारे किसान भाई हैं। सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र आपकी सहायता के लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि जिले की सभी 373 पंचायतों में पंचायत सरकार भवनों, पंचायत कृषि कार्यालयों एवं अन्य निर्धारित सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। किसान बंधु शिविर में भाग लेकर अपना फार्मर आईडी बनवाएं।
उन्होंने कहा कि बंदरा, मुरौल, मुशहरी सहित कई प्रखंडों में अच्छा कार्य हो रहा है, अन्य प्रखंड भी बेहतर ढंग से कार्य करें।

जिलाधिकारी ने प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों का भ्रमण कर कार्यों में तेजी लाने तथा अनुमंडल पदाधिकारियों को सभी अंचलों में प्रगति का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। जिला कृषि पदाधिकारी को ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने को कहा गया है।
फार्मर रजिस्ट्री: क्यों जरूरी है?
फार्मर आईडी बनने से किसानों को डिजिटल पहचान मिलेगी और पीएम किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ सुगम एवं पारदर्शी तरीके से मिलेगा। इससे फसल बीमा, केसीसी, सहायता अनुदान और फसल नुकसान पर वास्तविक क्षति का लाभ भी एक ही डिजिटल पहचान से मिल सकेगा।
रजिस्ट्रेशन कैसे कराएं?
• अपने पंचायत के कृषि समन्वयक / किसान सलाहकार / राजस्व कर्मचारी से संपर्क करें। • अपने नजदीकी CSC / वसुधा केंद्र पर जाएं – सभी केंद्रों पर पंजीकरण निःशुल्क है। • किसान स्वयं भी ऑनलाइन पोर्टल https://bhfr.agristack.gov.in/farmer-registry-bh/#/ के माध्यम से घर बैठे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
आवश्यक दस्तावेज:
• आधार कार्ड • मोबाइल नंबर • स्वयं के नाम से जमाबंदी
सहायता के लिए संपर्क:
किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार से संपर्क किया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबर: कृषि विभाग – 18001801551, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग – 18003456215

