दुर्गापूजा में सुरक्षित बिजली आपूर्ति को लेकर पटना के पूजा पंडालों का निरीक्षण

ऊर्जा सचिव अजय यादव ने दिए सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश, आपातकालीन मरम्मत दल रहेंगे

दुर्गापूजा में सुरक्षित बिजली आपूर्ति को लेकर पटना के पूजा पंडालों का निरीक्षण

ऊर्जा सचिव अजय यादव ने दिए सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश, आपातकालीन मरम्मत दल रहेंगे


जे टी न्यूज
पटना, 11 अक्टूबर। दुर्गापूजा के दौरान राजधानी में निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय यादव तथा साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ने प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्युत व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र, श्रीकृष्ण मेमोरियल, डाकबंगला चौराहा स्थित विद्युत पूजा समिति के पंडाल, भूमि विकास बैंक, बुद्ध मार्ग स्थित दुर्गा पूजा पंडाल तथा बेली रोड पर खाजपुरा शिव मंदिर के समीप बने पूजा पंडाल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने पूजा पंडालों में विद्युत तारों एवं उपकरणों की सुरक्षा, विद्युत लाइनों की स्थिति, ट्रांसफॉर्मर और फीडर की तैयारी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था का जायजा लिया। पंडालों के आसपास लटके या जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बिजली लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित विद्युत खतरों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए।

ऊर्जा सचिव अजय यादव ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं अभियंताओं को प्रमुख पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों के विद्युत नेटवर्क का गहन निरीक्षण करने तथा सभी आवश्यक अनुरक्षण कार्य निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने हाई टेंशन (एचटी) और लो टेंशन (एलटी) विद्युत नेटवर्क, वितरण ट्रांसफॉर्मरों तथा संबंधित उपकरणों के समुचित रखरखाव पर जोर दिया। साथ ही, आवश्यकतानुसार गुणवत्तापूर्ण डाइइलेक्ट्रिक पेंट के उपयोग, विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन तथा कार्य में लगे कर्मियों के निर्धारित वर्दी में रहने और कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

वहीं, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान विद्युत वितरण से संबंधित नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंगे। फ्यूज कॉल सेंटर, फील्ड टीमों और आपातकालीन मरम्मत दलों को अलर्ट रखा जाएगा, ताकि बिजली से जुड़ी किसी भी शिकायत या खराबी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान पेसू के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button