कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 मधेपुरा में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न

डीएम एवं एसपी ने सभी 14 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, विधि-व्यवस्था एवं मतदान प्रक्रिया का लिया जायजा

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 मधेपुरा में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न

डीएम एवं एसपी ने सभी 14 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, विधि-व्यवस्था एवं मतदान प्रक्रिया का लिया जायजा

जिले में 60.50 प्रतिशत हुआ मतदान

जे टी न्यूज, मधेपुरा:


भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बिहार विधान परिषद के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत मधेपुरा जिले के सभी 14 मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
*डीएम एवं एसपी ने सभी मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण* :

मतदान प्रक्रिया को स्वच्छ, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष सहित जिले के सभी 14 मतदान केंद्रों का लगातार भ्रमण एवं बूथवार निरीक्षण किया गया। इस दौरान मतदान की व्यवस्था, मतदाताओं की पहचान, मत की गोपनीयता तथा सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया।

*मत की गोपनीयता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश* ;

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित पीठासीन पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मत की गोपनीयता बनाए रखने, मतदाताओं की पहचान निर्धारित वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों के आधार पर सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

मतदाताओं की पहचान के लिए निर्धारित 10 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों, जिनमें निर्वाचक फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य मान्य दस्तावेज शामिल हैं, के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

*सुरक्षा व्यवस्था रही सुदृढ़, मतपेटिकाओं की सुरक्षित अभिरक्षा के निर्देश* :

पुलिस अधीक्षक ने सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों को सतर्क और मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदान समाप्ति के उपरांत सीलबंद मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रूप से बज्रगृह, पूर्णिया तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने पर बल दिया।

*शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, प्रशासन की सतर्कता एवं समन्वय रहा प्रभावी* :

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय, सतत निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था के परिणामस्वरूप मधेपुरा जिले में कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन, मधेपुरा द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता, मत की गोपनीयता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती गई।

जिले में 60.50 प्रतिशत हुआ मतदान:

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में 60.50 प्रतिशत मतदान हुआ l 63.67 प्रतिशत पुरुष तथा 51.65 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया l पूरेनी प्रखंड में सबसे अधिक 75.81 तथा कुमारखंड में सबसे कम 46.16 प्रतिशत मतदान हुए l

Related Articles

Back to top button