जोगबनी में नारी शक्ति का सम्मान: माला मिश्रा को मिला “मीराबाई-लक्ष्मीबाई स्मृति सम्मान”

जोगबनी में नारी शक्ति का सम्मान: माला मिश्रा को मिला “मीराबाई-लक्ष्मीबाई स्मृति सम्मान”


जे टी न्यूज़, जोगबनी : नारी सशक्तिकरण के संदेश को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से जोगबनी स्थित डी.एन.पी. स्कूल परिसर में आयोजित सम्मान समारोह प्रेरणा और सम्मान का खूबसूरत संगम बन गया। पं. रामदेनी तिवारी द्विजदेनी क्लब, फारबिसगंज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवा, धार्मिक जागरूकता और महिला उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली समाजसेविका माला मिश्रा को “मीराबाई लक्ष्मीबाई स्मृति सम्मान” से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार वरुण कुमार मिश्रा की धर्मपत्नी माला मिश्रा को यह सम्मान उनके सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में निरंतर योगदान, महिलाओं के बीच जागरूकता फैलाने तथा समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। समारोह में क्लब के संस्थापक सचिव विनोद कुमार तिवारी एवं पूर्व प्रधानाध्यापक हर्ष नारायण दास ने उन्हें धार्मिक एवं साहित्यिक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सम्मान और संस्कार की अनूठी झलक उस समय देखने को मिली जब विद्यालय के निदेशक प्रवीण कुमार सिन्हा एवं उनकी धर्मपत्नी, प्राचार्या वंदना सिन्हा को “आदर्श दंपति सम्मान” से नवाजा गया। दोनों को सम्मान सामग्री एवं पुस्तकें भेंट कर उनके शैक्षणिक, सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों की सराहना की गई।
समारोह में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य लोगों ने सम्मानित व्यक्तियों के कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नई चेतना का संचार करते हैं। कार्यक्रम पूरे समय सम्मान, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों की गरिमा से ओतप्रोत रहा।

Related Articles

Back to top button