जयनगर में 2160 लीटर नेपाल निर्मित शराब बरामद, तस्करी के नए तरीके का खुलासा
जयनगर में 2160 लीटर नेपाल निर्मित शराब बरामद, तस्करी के नए तरीके का खुलासा

जे टी न्यूज़, जयनगर :
जयनगर (मधुबनी)। जयनगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी सदानन्द कुमार ने पुलिस की बड़ी सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में जयनगर के कमला नदी क्षेत्र से करीब 2160 लीटर नेपाल निर्मित शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने शराब तस्करी के एक नए तरीके का भी खुलासा किया है।डीएसपी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि कमला नदी के रास्ते बड़ी मात्रा में नेपाल निर्मित शराब की खेप भारत लाई जा रही है। सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व तथा डीएसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने कमला नदी के आसपास संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली। तलाशी अभियान में नदी किनारे करीब 2160 लीटर नेपाल निर्मित शराब बरामद की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।सभी जब्त शराब को बैल गाड़ी के माध्यम से जयनगर थाना परिसर में लाया गया ।प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी सदानन्द कुमार ने बताया कि तस्कर अब पुलिस की निगरानी से बचने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। सड़क मार्ग के बजाय नदी मार्ग का उपयोग कर शराब की तस्करी की जा रही थी,

ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। लेकिन पुलिस की सतर्कता, खुफिया तंत्र की सक्रियता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण तस्करों की यह योजना विफल हो गई।उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस मामले से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ा दी गई है तथा पुलिस की गश्ती और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे ।
डीएसपी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं शराब की तस्करी, भंडारण या बिक्री की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने और शराबबंदी कानून को सफल बनाने में आम लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।इस सफल कार्रवाई में जयनगर थाना के एसआई सूरज कुमार, अमित कुमार, मोनिका कुमारी, राहुल कुमार, विकास कुमार तथा श्याम कुमार पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने छापेमारी दल के सभी सदस्यों की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस की इस बड़ी सफलता को सीमावर्ती क्षेत्र में शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे शराब तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

