भारत-नेपाल सीमा पर 4 हजार किलो मक्का जब्त, दो गिरफ्तार
एसएसबी की विशेष नाका कार्रवाई में बोलेरो पिकअप भी जब्त, कस्टम विभाग को सौंपा गया मामला
भारत-नेपाल सीमा पर 4 हजार किलो मक्का जब्त, दो गिरफ्तार
एसएसबी की विशेष नाका कार्रवाई में बोलेरो पिकअप भी जब्त, कस्टम विभाग को सौंपा गया मामला
जे टी न्यूज, सिकटी (अररिया):

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत एसएसबी की 52वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4,000 किलोग्राम मक्का जब्त किया है। साथ ही मक्का ढुलाई में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप को जब्त कर दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।
कमांडेंट मितुल कुमार के निर्देशन में 30 अक्टूबर की सुबह करीब 4:55 बजे सीमा स्तंभ संख्या 160/1 से 161 के बीच गुप्त सूचना पर विशेष नाका लगाया गया था। इस दौरान नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे संदिग्ध पिकअप की तलाशी में जूट की बोरियों में लदा मक्का बरामद हुआ। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर जवानों ने वाहन समेत मक्का जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महमूद आलम, निवासी केलाबाड़ी तथा चालक पंकज कुमार मंडल, निवासी सिकटी के रूप में हुई है। जब्त मक्का, वाहन और दोनों आरोपियों को कस्टम विभाग, फारबिसगंज के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक प्रकाश चन्द पांडे, उप निरीक्षक लाल चन्द, सहायक उप निरीक्षक सिकंदर सहित एसएसबी के जवान शामिल थे।
