जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित


जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : जिले में पेयजल, स्वच्छता एवं स्वच्छता व्यवहार (WASH—Water, Sanitation and Hygiene) से संबंधित सेवाओं को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय “Strengthening WASH Service Delivery through Service Level Benchmarking” रहा।
कार्यशाला का आयोजन जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, यूनिसेफ के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधिगण तथा विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यशाला में WASH सेवाओं की वर्तमान स्थिति, सेवा वितरण की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों तथा आमजन तक सेवाओं की पहुंच की समीक्षा करते हुए Service Level Benchmarking के माध्यम से सेवाओं में सुधार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला में विशेषज्ञों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता सेवाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर बनाने, सेवा वितरण में मौजूद कमियों की पहचान करने तथा उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में जानकारी दी गई।


इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता तथा बेहतर स्वच्छता व्यवस्था प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। WASH सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित अनुश्रवण तथा सेवा स्तर का वैज्ञानिक तरीके से मूल्यांकन आवश्यक है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने पर बल दिया।
कार्यशाला में यूनिसेफ, PRIMOVE तथा संबंधित विभागों/संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा WASH सेवा वितरण को मजबूत करने एवं Service Level Benchmarking की प्रक्रिया के संबंध में प्रतिभागियों को उन्मुख किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सेवाओं का आकलन कर उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय, आंकड़ा आधारित योजना निर्माण तथा प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, यूनिसेफ के पदाधिकारीगण एवं प्रतिनिधिगण तथा जिले के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button