मौत का महाजाम: इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत से फूटा जनाक्रोश 4 घंटे तक NH-319 रहा ठप, प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन
मौत का महाजाम: इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत से फूटा जनाक्रोश
4 घंटे तक NH-319 रहा ठप, प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन
सीमेंट ट्रक ने छीनी परिवार की आखिरी उम्मीद, शव रखकर सड़क पर हंगामा, जाम में मवेशियों से भरा ट्रक भी पकड़ा गया

जे टी न्यूज, कोचस (रोहतास)रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर महात्मा गांधी चौक के समीप गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में हरनाथपुर गांव निवासी 16 वर्षीय पंकज कुमार यादव (पिता- स्वर्गीय रामानंद यादव) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि पंकज कुमार यादव प्रतिदिन की तरह कोचस बाजार दूध देने जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई की ओर चली गई। तभी पीछे से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक ने युवक को कुचल दिया जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने युवक के शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर रखकर लगभग चार घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और जर्जर सड़क व लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार बताया गया। प्रदर्शन के कारण एनएच-319 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई किलोमीटर तक यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसी दौरान जाम में फंसे भैंसों से लदे एक मवेशी ट्रक को भी लोगों ने पकड़ लिया, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोचस थाना अध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। काफी देर तक ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति और प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। लोगों ने कहा कि यदि सड़क की मरम्मत समय पर कराई जाती तो एक मासूम की जान नहीं जाती। सबसे मार्मिक बात यह है कि पंकज कुमार यादव अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पिता के निधन के बाद परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। दूध बेचकर वह मां और परिवार का खर्च चलाता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस का पक्ष:थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना में शामिल ट्रक के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


